शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक बार फिर अपनी छात्र जीवन की यादों को ताजा करने के लिए संजय वन में पौधारोपण करेंगे। 38 वर्ष बाद मुख्यमंत्री सुक्खू पुराने दोस्तों के साथ संजय वन में जाएंगे। 1985 में युवा कांग्रेस व एनएसयूआइ ने भट्ठाकुफर के समीप वन विभाग की खाली भूमि को गोद लिया था। इसकी देखरेख व पौधारोपण करने का जिम्मा उठाया था।
सुक्खू उस समय एनएसयूआइ के अध्यक्ष थे। तब उन्होंने संगठन के साथियों के साथ यहां पर पौधारोपण किया था। महाधिवक्ता अनूप रत्न, नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, विधायक केवल सिंह पठानिया सहित कई कांग्रेस के विधायक व मंत्री उस समय इस मुहिम में सुक्खू के साथ जुड़े थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद वह दोबारा यहां जाएंगे और पौधा रोपेंगे। नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान यह पहल करने जा रहे हैं। उन्होंने पौधारोपण के लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा है।
यह पढ़ेंःHimachal: सीएम सुक्खू मिले कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे से, बाढ़ से हुई क्षति से करवाया अवगत