देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा (वीपीडीओ) के पेपर लीक कांड में एसटीएफ की जांच अब सफेदपोश नेताओं के गिरेहबान तक पहुंच सकती है। जांच में कुछ सफेदपोशों के नाम आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक सत्ता की हनक के चलते इन नेताओं ने पेपर लीक में अहम भूमिका निभाई है। अब नेताओं पर हाथ डालने से पहले एसटीएफ मजबूत साक्ष्य जुटा रही है।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पेपर लीक प्रकरण में अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें चार सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। एसटीएफ जांच में सामने आया है कि पेपर लीक कर उसे परीक्षाथियों पहुंचाने में कई सफेदपोश भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक गढ़वाल मंडल के दो जिला पंचायत सदस्यों के खिलाफ पेपर लीक में अहम साक्ष्य मिले हैं। इसमें एक महिला शामिल है।
इस केस का खुलासा होते ही दोनों नेता परेशान हैं। सूत्रों की माने तो कुछ अन्य नेताओं का नाम भी इर आया है। उनकी भूमिका की जांच जा रही है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि जांच में सभी तथ्यों पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। कुछ नेताओं के पेपर लीक में शामिल होने के इनपुट मिले हैं।