लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत दर्ज करने वाली भारतीय जनता पार्टी लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की तैयारी में है। राजनीति के इस महामुकाबले में बड़ी जीत दर्ज करने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार का शपथ ग्रहण समारोह भी विशाल स्वरूप वाला होगा। एक लाख दर्शक की क्षमता वाले भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 25 मार्च को दोपहर दो बजे से 90 हजार से अधिक लोग योगी आदित्यनाथ सरकार के शपथ ग्रहण के साक्षी बनेंगे। पीएम नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी वाले इस समारोह को बेहद भव्य बनाने के लिए स्टेडियम प्रशासन के साथ शासन तथा जिला प्रशासन के अधिकारी दिन-रात एक कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद रहेंगे। इनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। भाजपा के सहयोगी दलों के पदाधिकारियों के साथ ही साथ अयोध्या, काशी और मथुरा के संत भी शपथ ग्रहण समारोह में रहेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी सहित विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
लखनऊ के इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 25 मार्च को दोपहर दो बजे के बाद से होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को बेहद भव्य स्वरूप प्रदान करने की जोरदार तैयारी चल रही है। सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि इकाना स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।