
ओडिशा सरकार अगले 10 वर्षों तक भारतीय हॉकी टीमों की प्रायोजक बनी रहेगी। राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को यह घोषणा की। पटनायक ने भुवनेश्वर में भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों के सम्मान समारोह के दौरान यह घोषणा की। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हाल में समाप्त हुए टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पिछले 41 साल से चला आ रहा मेडल जीतने का इंतजार समाप्त किया था जबकि महिला टीम चौथे स्थान पर रही थी जो उसका इन खेलों में बेस्ट प्रदर्शन है। इस ऐलान के बाद हॉकी टीमों के खिलाड़ियों ने इसके मुख्यमंत्री और हॉकी इंडिया का आभार जताया है।
भारतीय मेंस हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने इस पर खुशी जाहिर की है। मनप्रीत ने कहा, ‘ओडिशा में वापस आना हमेशा अच्छा होता है और यह जानना और भी बेहतर है कि माननीय मुख्यमंत्री नवीन पटनायक जी ने स्पॉंसर को और 10 वर्षों के लिए बढ़ा दिया है। हम आपके इस बिना शर्त समर्थन के लिए आभारी हैं सर नवीन पटनायक।’