बलिया के मनियर थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर दो लाख रुपये नहीं देने पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार उसका पति उसे दिल्ली ले जाकर जुए में हार गया था। बाद में वह अपनी बेटी के साथ किसी तरह भागकर गांव आई। अब वो और उसकी बेटी दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।जिलाधिकारी और एसपी को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। मनियर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि वो अपनी खाला के यहां नगरा में रहती थी। वहीं से उसकी शादी हुई थी। पति बार-बार छोड़ कर भाग जाता था। ससुराल वाले भी सपोर्ट नहीं करते थे। काफी समझाने के बाद उसका पति उसे लेकर दिल्ली गया।