लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में आज पहले चरण का प्रचार समाप्त हो रहा है। इसी के साथ भाजपा मतदाताओं के लिए अपना चुनावी घोषणा पत्र रिलीज करेगी। भाजपा के लोककल्याण संकल्प पत्र 2022 गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के साथ पार्टी के अन्य दिग्गज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में जारी करेंगे। पहले यह लोककल्याण संकल्प पत्र 2022 रविवार को जारी किया जाना था लेकिन भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
भाजपा के लोककल्याण संकल्प पत्र 2022 को जारी करने के लिए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंच गए हैं। गृह मंत्री अमित शाह के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, सह प्रभारी केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना भाजपा के लोक कल्याण संकल्प को जारी करेंगे।