Uttarakhand: माउंट मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा भारतीय तटरक्षक बल का दल, 7045 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया उत्तराखंड का विशाल ध्वज – The Hill News

Uttarakhand: माउंट मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा भारतीय तटरक्षक बल का दल, 7045 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया उत्तराखंड का विशाल ध्वज

देहरादून। भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में यह पहली बार है, जब उसके दल ने 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली पर्वत चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा अभियान पूरा किया। अभियान से लौटे दल का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में फ्लैग-इन कर स्वागत किया और सभी सदस्यों को बधाई दी।

एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में संचालित यह अभियान 15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक चला। अभियान को उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित किया गया था। इस अवसर पर दल ने माउंट मुकुट ईस्ट के शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिमालय की कठिन परिस्थितियों में इस तरह की उपलब्धि पर्वतारोहियों के साहस, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और टीम भावना को दर्शाती है। यह भारतीय तटरक्षक बल के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान साहस, शौर्य और समृद्ध पर्वतारोहण परंपरा से जुड़ी है। राज्य के रजत जयंती वर्ष को समर्पित यह अभियान प्रदेश के गौरव और हिमालय से उसके गहरे संबंध को प्रदर्शित करता है।

साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य सरकार इन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को पर्वतारोहण सहित अन्य साहसिक खेलों से जोड़ने के लिए प्रयासरत है। ऐसे अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बल के जवानों की ओर से हिमालय की ऊंचाइयों पर हासिल की गई यह उपलब्धि उनके प्रशिक्षण और साहसिक क्षमता को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि माउंट मुकुट ईस्ट अभियान से मिले अनुभव वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों में उपयोगी साबित होंगे।

एवरेस्ट अभियान की तैयारी का हिस्सा था आरोहण

अभियान दल के नेता और एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है। स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि एवरेस्ट अभियान की तैयारी के क्रम में दल इससे पहले सिक्किम हिमालय में माउंट बी.सी. रॉय और माउंट थिंचेनखांग का भी सफल आरोहण कर चुका है। इन अभियानों से पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी परिस्थितियों में अनुकूलन, तकनीकी दक्षता और सामूहिक समन्वय का अनुभव मिला है। माउंट मुकुट ईस्ट का आरोहण इसी तैयारी की महत्वपूर्ण कड़ी रहा।

फ्लैग-इन कार्यक्रम में भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल और डी.एस. चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल और विश्वजीत सिंह, एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा तथा अभियान दल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

Pls read:Uttarakhand: चम्पावत के बाद अब हरिद्वार में होगी धामी कैबिनेट की बैठक, गंगा पूजन के बाद जुटेगा मंत्रिमंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *