चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह जनपद चम्पावत को ‘आदर्श जनपद’ के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ विकास की नई इबारत लिखी है। मंगलवार को जनपद भ्रमण के दौरान उन्होंने बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और खेल जगत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण और बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं का मुख्य लक्ष्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का सीधा लाभ पहुंचाना और चम्पावत की पहचान एक मॉडल जिले के रूप में स्थापित करना है।
जनपद के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय भवन के निर्माण के साथ-साथ चम्पावत में ‘डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर’ और ‘जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र’ की स्थापना का एलान किया। इसके अतिरिक्त, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 1000 परिवारों को मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण देने हेतु दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए 5 करोड़ रुपये की ‘सामूहिक घेरबाड़ योजना’ भी लागू की जाएगी, जिससे कृषकों की आय में वृद्धि होगी।
यातायात और पेयजल की सुविधाओं के विस्तार के लिए भी मुख्यमंत्री ने खजाना खोल दिया। उन्होंने अमोड़ी-छतकोट बाईपास में 5 किमी मोटर मार्ग और पुल निर्माण, मोनपोखरी से नीड तक 2 किमी सड़क के डामरीकरण, बनलेख से हिंगला देवी मंदिर तक मार्ग और अमोड़ी-सिप्टी मार्ग पर दो वैली ब्रिजों के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही जनपद में 50 नए हैंडपंप लगाने और 20 स्थानों पर सोलर लिफ्ट पेयजल व सिंचाई योजनाओं की स्थापना का भी निर्णय लिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों की रोशनी के लिए शक्तिपुरबूंगा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में 10-10 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी।
आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए मुख्यमंत्री ने ब्यानधूरा बाबा मंदिर सहित जिले के सभी प्रमुख मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण का संकल्प लिया। नागनाथ मंदिर के पास रामलीला मंच का निर्माण और विकास भवन चम्पावत का कुमाऊंनी शैली में पुनरुद्धार किया जाएगा। खेल प्रेमियों के लिए खर्ककार्की क्षेत्र में खेल मैदान का विकास होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन सभी घोषणाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को इनका लाभ शीघ्र मिल सके।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, जिलाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से चम्पावत जिले में विकास की एक नई लहर दौड़ने की उम्मीद है।