देहरादून। फेसबुक पर दोस्ती करके युवक एक किशोरी को बहला फुसलाकर अपने गांव ले गया। आरोप है कि उसने छह दिन गांव में रखकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। शनिवार को राजपुर थाना पुलिस ने आरोपित को जाखन से गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष राजपुर मोहन सिंह ने बताया कि 27 सितंबर को एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। फोन की काल डिटेल खंगालने पर पता लगा कि किशोरी की बाखंड चौबट्टाखाल, पौड़ी गढ़वाल निवासी संतोष कुमार से बातचीत होती थी। पुलिस ने जब संतोष के बारे में उसके घर से जानकारी हासिल की तो पता लगा कि वह हरिद्वार में नौकरी करता है।
पुलिस को सूचना मिली कि शनिवार को आरोपित किशोरी के साथ जाखन क्षेत्र में आया हुआ है। इस दौरान पुलिस ने किशोरी को बरामद करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि आरोपित उसे अपने गांव ले गया, जहां आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने संतोष कुमार के खिलाफ अपहरण के अलावा पोक्सो के तहत मुकदमा दर्ज किया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।