देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए अपनी सीट छोड़ने की घोषणा करने वाले भाजपा विधायक कैलाश गहतौड़ी ने इस्तीफा सौंप दिया है। जिसके बाद अब यह तय हो गया है कि मुख्यमंत्री धामी चंपावत सीट से ही उपचुनाव लड़ेंगे।
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया, लेकिन मुख्यमंत्री स्वयं खटीमा से चुनाव हार गए थे। इसके बावजूद भाजपा नेतृत्व ने धामी पर विश्वास जताते हुए उन्हें लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनाया। अब धामी को छह माह के भीतर विधानसभा का सदस्य बनना है।
धामी के फिर से मुख्यमंत्री बनने के बाद सबसे पहले चम्पावत से पार्टी विधायक कैलाश गहतौड़ी ने उनके लिए अपनी सीट छोड़ने की घोषणा की। इसके बाद पार्टी के कुछ अन्य विधायकों के साथ ही एक निर्दलीय और कांग्रेस के एक विधायक ने भी ऐसी ही पेशकश की।
हाल में मुख्यमंत्री ने दिल्ली प्रवास के दौरान अपने उपचुनाव के लिए सीट के संबंध में पार्टी के केंद्रीय नेताओं से बातचीत की। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व ने धामी को चम्पावत से उपचुनाव लड़ने को हरी झंडी दे दी। इसके बाद पार्टी का प्रांतीय नेतृत्व भी सक्रिय हो गया था।